शराब में मिलाई चूहा मार की दवाई….चार साल बाद हत्या का ऐसे खुला

Veneno para ratas mezclado con alcohol...asesinato resuelto así después de cuatro años

जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना पुलिस ने चार साल पुराने मर्ग प्रकरण में बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या की गुत्थी सुलझाई। आरोपियों ने शराब में चूहा मार दवा मिलाकर पीड़ित की हत्या की और शव को पेट्रोल डालकर जलाने के बाद छाता जंग में फेंक दिया था।

जांजगीर-चांपा23 अगस्त 2025।बलौदा थाना पुलिस ने चार साल पुराने मर्ग प्रकरण में सनसनीखेज खुलासा करते हुए एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला मृतक भुखल रोहिदास की मौत से जुड़ा है, जिसकी रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हुई थी। उस समय पुलिस ने मर्ग कायम किया था, लेकिन जांच के दौरान कई अहम साक्ष्य सामने आने के बाद यह मामला हत्या में तब्दील हो गया।

पुलिस के अनुसार मृतक भुखल रोहिदास की हत्या जमीन बंटवारे और शराब बिक्री के विवाद को लेकर की गई थी। मुख्य साजिशकर्ता महिला आरोपी राजिम उर्फ रजनी बाई ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया।
आरोपियों ने पहले मृतक को शराब पिलाई और उसमें चूहा मार दवा मिलाकर उसे बेहोश किया। इसके बाद उसके सिर पर पत्थर से हमला किया गया। यही नहीं, वारदात को छिपाने के लिए आरोपियों ने शव पर पेट्रोल डालकर जला दिया और फिर उसे छाता जंग इलाके में फेंक दिया।

चार साल से यह मामला पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। बलौदा थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने लगातार जांच की। गुप्त सूचनाओं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को चिह्नित कर गिरफ्तार किया। आरोपियों से पूछताछ में पूरे षड्यंत्र का खुलासा हुआ।

पुलिस ने इस मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 302 (हत्या), 201 (साक्ष्य मिटाना), 120बी (आपराधिक षड्यंत्र) और 34 (सामूहिक अपराध) के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मृतक भुखल रोहिदास के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर राहत जताई है। उनका कहना है कि वे वर्षों से इंसाफ की उम्मीद लगाए बैठे थे। पुलिस की इस कार्रवाई से अब उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।

बलौदा पुलिस की इस सफलता को जिले में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। लंबे समय से लंबित इस मर्ग प्रकरण को सुलझाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी, लेकिन सतत प्रयासों से आखिरकार सच सामने आया।