मानसून ने पकड़ी रफ्तार, जल्‍द मिलेगी भीषण गर्मी से राहत

नई दिल्‍ली, 2 जून 2024। लोगों को भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। दरअसल, इन दिनों मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है, जिसके चले केरल में भारी बारिश हो रही है, जिसे जन‍जीवन प्रभावित हो रहा है। कोट्टायम और इडुक्की जिले में बारिश के बाद जलजमाव की स्थिति बन गई है। वहीं मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया है।

असम, मणिपुर में भारी बारिश

केरल के अलावा असम और मणिपुर में भी भारी बारिश हो रही है और कई जिलों में स्थिति गंभीर बनी हुई है। मणिपुर में बराक नदी तो वहीं असम में ब्रह्मपुत्र सहित अन्य नदियां खतरे के निशान से ऊपर है।

इन राज्यों में होगी बारिश

पाकिस्तान की ओर से हवाएं अरब सागर की ओर बह रही है। जिससे उत्तर भारत के राज्यों में भी आगामी कुछ दिनों में बारिश के आसार है, साथ ही तपिश से भी राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल उत्तरी राज्यों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी देखने को मिल रही है। जानकारी के अनुसार इन मौसमी परिवर्तन के कारण उत्तर पूर्वी उत्तर प्रदेश, दक्षिण पूर्वी बिहार, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, और पश्चिम बंगाल सहित अन्‍य राज्‍यों के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।

पूर्वोत्तर के राज्यों में होगी बारिश

चक्रवात रेमल का असर पूर्वोत्तर के राज्यों में दिखाई दे रहा है, जिसके चलते यहां कई स्थानों पर बारिश हो रही है। मुख्य नदियों सहित अन्य सहायक नदियां भी उफान पर है और कई जिलों में तो बाढ़ जैसे हालात बन रहे हैं।