जांजगीर-चांपा, 12 फरवरी (वेदांत समाचार)। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को जांजगीर-चांपा पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक क्रेटा कार, 12 अलग-अलग बैंकों के चेकबुक, 9 डेबिट कार्ड, 8 क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, तीन महंगे मोबाइल फोन और 30 हजार रुपये नकद जब्त किए गए हैं। आरोपी के खिलाफ धारा 420 और 34 भादवि के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी भूधर प्रसाद देवांगन (38 वर्ष), निवासी अखराभांठा, सक्ती ने 30 जनवरी 2026 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वह पेशे से एकाउंटेंट है और उसकी पहचान वर्ष 2021 में कोलकाता निवासी विश्वजीत देबनाथ से मेदी लाल देवांगन के माध्यम से हुई थी। आरोपी ने शेयर मार्केट में पैसा निवेश कराने पर अधिक मुनाफा और प्रति माह पांच प्रतिशत ब्याज का लालच दिया। साथ ही अधिक लोगों को निवेश के लिए जोड़ने पर अतिरिक्त लाभ का भी प्रलोभन दिया।
झांसे में आकर प्रार्थी और अन्य लोगों ने मिलकर कुल 8 करोड़ 45 लाख रुपये नकद, आरटीजीएस, एनईएफटी और चेक के माध्यम से निवेश कर दिए। शुरुआत में कुछ निवेशकों को एक से आठ माह तक पांच प्रतिशत ब्याज दिया गया, लेकिन बाद में आरोपी टालमटोल करने लगा और कंपनी में घाटा बताकर रकम लौटाने का झूठा आश्वासन देता रहा। शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 35/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान गवाहों के बयान और मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के जिला नदिया, थाना कोतवाली कृष्णानगर क्षेत्र अंतर्गत ईटला पोडा पारा, पोस्ट कालीघाट से आरोपी विश्वजीत देबनाथ को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने निवेश की रकम से क्रेटा कार खरीदना, सोना लेना, घर का रंगरोगन कराना और सोना आईडीबीआई बैंक में रखना स्वीकार किया। घर के दस्तावेज भी अलमारी में रखने की जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से क्रेटा कार सहित बैंकिंग से जुड़े दस्तावेज, कार्ड, पहचान पत्र, मोबाइल फोन और नकदी जब्त की है। आरोपी को विधिवत पुलिस रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक उमेंद्र मिश्रा, आरक्षक आदित्य प्रताप, गोपेश्वर सिंह, निरमा टोप्पो तथा साइबर सेल के आरक्षक विवेक सिंह का सराहनीय योगदान रहा







