एक दिन में 39 वारंटियों को किया गिरफ्तार, ‘सजग कोरबा-सतर्क कोरबा’ अभियान में ताबड़तोड़ दबिश

39 warrantees arrested in a day, raids conducted in the 'Vigilant Korba-Satark Korba' campaign

कोरबा, 05 जुलाई 2026/कोरबा जिले में अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 39 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 6 स्थायी वारंट और 33 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कोरबा जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं कटघोरा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर के मार्गदर्शन में किया गया। जिले के तीनों पुलिस अनुभागों के अधिकारियों तथा सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष निर्देश दिए गए थे।

इसी क्रम में 5 जुलाई 2026 को जिलेभर में सघन दबिश अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की और योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए 6 स्थायी वारंटियों तथा 33 गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी न्यायालय द्वारा जारी वारंट के बावजूद लंबे समय से फरार थे। उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी और पर्याप्त सूचना मिलने के बाद अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार किए गए सभी वारंटियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में फरार अपराधियों, वारंटियों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत भविष्य में भी इसी तरह की सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था कायम रहे और अपराधियों में पुलिस का भय बना रहे।