कवर्धा में सराफा व्यापारी से 11.9 किलो चांदी के जेवरात की लूट का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार, 2 फरार

11.9 kg silver jewellery looted from a bullion trader in Kawardha, 3 arrested, 2 absconding

कवर्धा, 31 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में सराफा व्यापारी से मारपीट कर चांदी के जेवरात लूटने के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात, एक बजाज पल्सर बाइक और 1500 रुपए नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में निखिल कुर्रे, संजय भास्कर और सचिन पात्रे शामिल हैं। वहीं, वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, घटना 27 अक्टूबर की है। पांडातराई निवासी सराफा व्यापारी वेदप्रकाश सोनी मछरीरेवार मंदिर घाटी के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने व्यापारी के साथ डंडे से मारपीट की और उनके पास मौजूद कीमती जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना की शिकायत मिलने के बाद तरेगांव जंगल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके अलावा 24 गांवों में 500 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

पुलिस ने सबसे पहले निखिल कुर्रे को ग्राम बिरकोना के पास से पकड़ा। इसके बाद संजय भास्कर और सचिन पात्रे को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात से पहले सराफा व्यापारी की गतिविधियों की रेकी की थी। इसके बाद सुनियोजित तरीके से मछरीरेवार मंदिर घाटी के पास व्यापारी को निशाना बनाया गया।

लूट के बाद आरोपियों ने जेवरात आपस में बांटकर अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिए थे। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 11.9 किलो चांदी के जेवरात, 1500 रुपए नकद और वारदात में इस्तेमाल बजाज पल्सर बाइक जब्त की है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।